Ranchi: राजधानी रांची के सदर अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. अस्पताल में पहली बार दूरबीन विधि (laparoscopic surgery) से 1.45 किलोग्राम वजनी तिल्ली (स्प्लीन) का सफल ऑपरेशन किया गया. विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने इस जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा कर मरीज को नई जिंदगी दी.
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मरीज लंबे समय से तिल्ली के असामान्य रूप से बढ़ जाने की समस्या से परेशान था. सामान्यतः तिल्ली का वजन 150 से 200 ग्राम के बीच होता है, लेकिन इस मरीज की तिल्ली का वजन बढ़कर करीब 1.45 किलोग्राम हो गया था. इसके कारण मरीज को पेट में लगातार दर्द, भारीपन समेत अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था.

दूरबीन विधि से किया गया सफल ऑपरेशन
जांच के बाद डॉक्टरों ने दूरबीन विधि से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया. इस तकनीक में पेट पर बड़ा चीरा लगाने के बजाय छोटे-छोटे छेद के जरिए कैमरे और विशेष उपकरणों की मदद से सर्जरी की जाती है. इससे मरीज को कम दर्द होता है, रक्तस्राव और संक्रमण का खतरा कम रहता है तथा वह अपेक्षाकृत जल्दी स्वस्थ होकर घर लौट सकता है.
मरीज की हालत स्थिर, अस्पताल ने बताया बड़ी उपलब्धि
ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहा है. अस्पताल प्रबंधन ने इसे सदर अस्पताल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है. प्रबंधन का कहना है कि सरकारी अस्पताल में भी अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों को कम खर्च में बेहतर इलाज की सुविधा मिल रही है.
ALSO READ: Deoghar : मां-बेटे की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या, गांव में दहशत


