Ranchi: देवघर एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं बंद किए जाने की चर्चाओं के बीच झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया है. उन्होंने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को पत्र भेजकर देवघर से संचालित सभी उड़ानों को जारी रखने और जरूरत के मुताबिक नई उड़ानें शुरू करने की मांग की है.
हवाई सेवाओं में कटौती या उन्हें बंद करना आम यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए गंभीर परेशानी
मंत्री ने अपने पत्र में कहा कि देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम देश के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल है, जहां सालभर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. खासकर श्रावण महीने में लाखों कांवरिये और श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए देवघर आते हैं. ऐसे समय में हवाई सेवाओं में कटौती या उन्हें बंद करना आम यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकता है. इरफान अंसारी ने कहा कि यदि उड़ानें बंद होती हैं तो यात्रियों की यात्रा न केवल अधिक महंगी होगी, बल्कि उन्हें अतिरिक्त समय भी खर्च करना पड़ेगा. उनका कहना है कि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए देवघर एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए, जबकि इसके विपरीत सेवाएं बंद करने की खबरें सामने आ रही हैं.

हस्तक्षेप करने की अपील की
स्वास्थ्य मंत्री ने इस मामले में नरेंद्र मोदी से भी हस्तक्षेप करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि देवघर की मौजूदा उड़ान सेवाएं बिना किसी बाधा के जारी रहनी चाहिए और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए रूट और अतिरिक्त उड़ानें भी शुरू की जानी चाहिए.


