Palamu: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) जिला समिति के तत्वावधान में मेदिनीनगर शहर में बूथ सम्मेलन सह BLA-2 (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता JMM के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा ने की. मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रदेश महासचिव विनोद पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इस अवसर पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया.

वोटर लिस्ट पर पैनी नजर रखने की हिदायत
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव विनोद पाण्डेय ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और BLA-2 को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से यह सम्मेलन आयोजित किया गया है. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों की वोटर लिस्ट पर पैनी नजर रखें तथा चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त बीएलओ (BLO) के साथ समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची से न छूटे.

विपक्ष की रणनीति पर साधा निशाना
विनोद पाण्डेय ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के माध्यम से केवल अपने समर्थकों के नाम जोड़ने और विपक्षी समर्थकों के नाम हटाने की रणनीति अपना रही है. उन्होंने कहा कि JMM ऐसी किसी भी रणनीति से डरने वाली नहीं है और उसका मजबूती से मुकाबला करेगी.
ALSO READ: कोडरमा: तालाब में डूबने से अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम
अनमैप्ड वोटर्स को लेकर दिया भरोसा
पलामू के डालटनगंज और छतरपुर विधानसभा क्षेत्रों में ‘अनमैप्ड’ मतदाताओं की संख्या को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी क्षेत्र की अनदेखी नहीं कर रही है. प्रशिक्षण के बाद कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय होकर सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का कार्य करेंगे, ताकि कोई भी अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे. कार्यक्रम में JMM जिला कार्य समिति सदस्य सान्नू सिदक्की, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुशीला पाण्डेय, अविनाश देव, सन्नी शुक्ला, रंजन चंद्रवंशी, अभिषेक सिंह, जुगल किशोर चंद्रवंशी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.


