Giridih: विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR-2026) अभियान के तहत जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में प्रशासन सक्रिय है. मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त (Deputy Commissioner) रामनिवास यादव (Ram Niwas Yadav) एवं पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. बिमल कुमार (Dr. Bimal Kumar) ने 31-गांडेय विधानसभा क्षेत्र के महेशलुंडी स्थित मतदान केंद्र संख्या-79 का निरीक्षण किया.
इस दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गणना प्रपत्र भरने की प्रगति, मतदाताओं की सहभागिता तथा बूथ लेवल अधिकारियों (Booth Level Officers-BLOs) द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया. अधिकारियों को अभियान पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संचालित करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

DDC ने भी किया निरीक्षण
वहीं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने 32-गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के एच.ई. हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या-38 एवं 39 का निरीक्षण किया. उन्होंने गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, अभिलेखों के संधारण और मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्वाचन आयोग (Election Commission) के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया.
समय पर गणना प्रपत्र भरने की अपील
उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का छोटा-सा प्रयास मतदाता सूची को अधिक सटीक, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. सभी पात्र मतदाता निर्धारित समयावधि के भीतर अपना गणना प्रपत्र अवश्य भरें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें.
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में शामिल प्रत्येक प्रविष्टि का सत्यापन कर उसे शुद्ध एवं अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जा सके. जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग करते हुए संकल्प लें कि “कोई भी पात्र मतदाता छूटेगा नहीं.”


