Giridih : जिला के जमुआ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक चालक की मौत हो गई. यह हादसा खरगडीहा पंचायत अंतर्गत खेदुआडीह के पास हुआ. जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद स्थानीय लोगों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई और आवागमन बाधित हो गया. सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई.
मृतक की पहचान नहीं हो पायी
मौके पर खरगडीहा पंचायत के मुखिया सुनील कुमार साव भी पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया. पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी उग्र ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क जाम हटाने की कोशिश की. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया. बाइक का नंबर JH 11AD 0199 बताया गया है. वाहन के आधार पर मृतक की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है. फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. मृतक की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

ALSO READ : झारखंड के 1.2 लाख शिक्षकों को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण, नई शिक्षा नीति के तहत शुरू हुआ CPD कार्यक्रम


