Gumla: राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आज से गुमला जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया. यह विशेष अभियान 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा. अभियान के प्रथम दिवस जिले के सभी 995 मतदान केंद्रों पर संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों की उपस्थिति में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) तथा स्थानीय नागरिकों की सहभागिता के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के अद्यतन, पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार तथा आवश्यक प्रपत्रों के संबंध में लोगों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई. बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की.
विद्यालयों में चला जागरूकता अभियान
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति व्यापक जनजागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी विशेष जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया. विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता रैलियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा चित्रकला, भाषण, निबंध एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के महत्व, शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची की आवश्यकता तथा लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी के महत्व को समझा और अपने विचार प्रस्तुत किए.

ALSO READ: 171वें हूल दिवस पर सिद्धू-कान्हू को श्रद्धांजलि, बाल अधिकारों को लेकर चलाया जागरूकता अभियान
सोशल मीडिया अभियान को मिला जनसमर्थन
इसी क्रम में राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के आलोक में आज पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक राज्यव्यापी विशेष सोशल मीडिया हैशटैग अभियान का भी सफल आयोजन किया गया. अभियान के दौरान #JharkhandSIR हैशटैग के साथ गुमला जिले के नागरिकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई. इस डिजिटल जनजागरूकता अभियान में जिले के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, शिक्षक, विद्यार्थी, विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के सदस्य तथा आम नागरिकों ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां, पोस्टर, वीडियो, जागरूकता संदेश एवं अन्य सूचनात्मक सामग्री साझा कर अधिक से अधिक लोगों तक SIR-2026 का संदेश पहुंचाया.
सोशल मीडिया अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में नागरिकों तक विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रक्रिया, उद्देश्य, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के महत्व की जानकारी पहुंची. जिलेभर में अभियान को सकारात्मक जनसमर्थन प्राप्त हुआ तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनभागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में यह पहल प्रभावी सिद्ध हुई. जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान BLO द्वारा किए जाने वाले डोर-टू-डोर सर्वे में आवश्यक सहयोग प्रदान करें. मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं तथा आवश्यकतानुसार नए नाम जोड़ने, संशोधन अथवा अन्य आवश्यक प्रपत्र समय पर जमा कर लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें.


