Ranchi: राजधानी के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हुंडरू हरिजन मोहल्ला में टाइटल सूट का मामला वापस नहीं लेने पर जान मारने की धमकी दी गयी. धारदार हथियार से हमला किया गया. इस हमले में धनकू लोहरा के पुत्र कार्तिक लोहरा और उनके परिवार के सदस्य जख्मी हो गये. धनेश्वर गोप, अभिषेक गोप, मंटू गोप, मोनू गोप और आदित्य गोप सहित 7-8 अज्ञात लोगों के खिलाफ एयरपोर्ट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पीड़ित कार्तिक लोहरा के अनुसार, 27 जून की रात करीब 9 बजे वह अपने परिवार के साथ भोजन कर रहे थे. तभी आरोपी लोहे की रॉड, डंडे और धारदार हथियार लेकर उनके घर पहुंचे और दरवाजा पीटने लगे. शोर सुनकर बाहर निकले तो परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने लगे. बीच-बचाव करने पहुंचे कार्तिक पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे हाथ में गंभीर चोट आयी.
यह भी पढ़ें: रांची: पैसे लेकर नौकरी दिलाने वाले गिरोह के ठिकाने पर पुलिस की छापेमारी, जांच जारी

CCTV फुटेज पुलिस को सौंपा गया, कार्रवाई की मांग
प्राथमिकी में कहा गया है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर टाइटल सूट चल रहा है. आरोप लगाया गया है कि हमलावर मुकदमा वापस लेने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे. ऐसा नहीं करने पर पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दे रहे थे. हमले की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पीड़ित परिवार ने फुटेज पुलिस को सौंप दी है. परिवार की सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें: काव्या मारन की शादी को लेकर चर्चा: मामा के बयान से बढ़ी हलचल, कौन हैं अनिरूद्ध रविचंदर जिनसे शादी के कयास


