Chatra: शहर के पुरानी कचहरी रोड स्थित आरबी हॉस्पिटल एंड डायग्नोस्टिक सेंटर में बुधवार को नेशनल डॉक्टर डे उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए डॉक्टरों के योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया.
डॉक्टर दिवस की बधाई दी
कार्यक्रम का शुभारंभ अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा केक काटकर किया गया. इसके बाद अस्पताल के चिकित्सा कर्मियों ने सभी डॉक्टरों को पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शुभकामनाएं देकर डॉक्टर दिवस की बधाई दी. इस अवसर पर आरबी हॉस्पिटल एंड डायग्नोस्टिक सेंटर के डायरेक्टर जीएस राजू एवं विनय कुमार केसरी ने कहा कि डॉक्टरों को धरती पर भगवान का दर्जा दिया जाता है, क्योंकि वे अपने ज्ञान, अनुभव और सेवा भावना के बल पर असंख्य लोगों का जीवन बचाने का कार्य करते हैं. उन्होंने कहा कि डॉक्टर का पेशा केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है. मरीजों के चेहरे पर मुस्कान लौटाना और उन्हें नया जीवन देना किसी भी चिकित्सक के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होती है.

संवेदनशील व्यवहार भी एक अच्छे चिकित्सक की पहचान
उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार भी एक अच्छे चिकित्सक की पहचान है. आरबी हॉस्पिटल हमेशा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार देने के लिए प्रतिबद्ध है. कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों ने भी डॉक्टर दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन चिकित्सा जगत से जुड़े सभी लोगों को अपने दायित्वों का स्मरण कराता है तथा समाज के प्रति सेवा भावना को और अधिक मजबूत करने की प्रेरणा देता है. मौके पर अस्पताल के डायरेक्टर जीएस राजू, विनय कुमार केसरी, डॉ. अवशेष त्रिपाठी, डॉ. नितिन कुमार सहित अस्पताल के अन्य चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. सभी ने डॉक्टर दिवस के अवसर पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और मरीजों की बेहतर सेवा का संकल्प लिया.
AlsoRead:टोटो चालक निकला ब्राउन शुगर तस्कर, जामताड़ा पुलिस ने चार पुड़िया के साथ दबोचा


