Ranchi : राजधानी के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित विद्यानगर से एक युवक का शव बरामद हुआ. मृत युवक का नाम रोहित कुमार सिंह है. रोहित के शव को नाला से बरामद किया गया. मृतक युवक सुखदेव नगर का ही रहने वाला था. पेशे से मृतक टेंपो ड्राइवर था. बताया जाता है कि देर रात कुछ युवक पार्टी कर रहे थे. पार्टी खत्म होने के बाद सभी लोग अपने-अपने घर चले गए और आज सुबह युवक रोहित कुमार सिंह का शव नाला में पड़ा हुआ था. हालांकि परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है. मामले की जानकारी मिलने के बाद सुखदेव नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है और जांच में जुटी हुई. इस मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि फिलहाल सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है.
स्थानीय लोगों ने देखा शव
आपको बता दें कि आज सुबह स्थानीय लोगों ने नाला में एक शव देखा. इसके बाद मामले की जानकारी रांची पुलिस को दी गयी. मामले की जानकारी मिलते ही रांची पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची है और शव को अपने कब्जे में ले लिया. इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मोहल्ले के कई लोग घटना स्थल पर पहुंचे. पुलिस की टीम शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजने की तैयारी कर रही है.

परिवार वालों ने दोस्त पर लगाया हत्या का आरोप
इस मामले में मृतक युवक के परिवार वालों ने थाना में आवेदन दिया है. आवेदन में बताया है कि मृतक की हत्या रोहित कुमार सिंह के दोस्त ने की है. बुधवार रात सभी लोगों ने शराब पार्टी की थी. शराब पार्टी करने के बाद युवक की हत्या कर दी गई और उसके शव को नाला में फेंक दिया गया. नाला में युवक का शव फेंकने के बाद सभी दोस्त फरार हो गये. वहीं इस मामले को लेकर सुखदेव नगर थाना की पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले स्पष्ट होगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
ALSO READ : केंद्र सरकार की चिंताओं के बीच व्हाट्सऐप ने रखा अपना पक्ष, कहा – यूजरनेम फीचर के लिये तैयार है सुरक्षा उपाय


