Yogesh Kumar
Jamtara: श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व रेलवे ने कई अहम फैसले लिए हैं. रेलवे ने हावड़ा और नटेसर के बीच श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है. साथ ही दो स्पेशल ट्रेनों की परिचालन अवधि भी बढ़ा दी गई है. वहीं, अनुरक्षण कार्य के कारण 2 जुलाई को तीन मेमू ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा. रेलवे के अनुसार, 03001 हावड़ा–नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल 5 जुलाई से 29 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को कुल 38 फेरे लगाएगी. ट्रेन रात 11:50 बजे हावड़ा से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12 बजे नटेसर पहुंचेगी.

वहीं, 03002 नटेसर–हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल 6 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को कुल 38 फेरे लगाएगी. यह ट्रेन दोपहर 1 बजे नटेसर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी. दोनों ट्रेनें दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह समेत प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान और वातानुकूलित (एसी) कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
दो स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाई गई
रेलवे ने यात्रियों की मांग को देखते हुए 02023/02024 हावड़ा–पटना–हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल का परिचालन 5 जुलाई से 27 सितंबर 2026 तक 13 अतिरिक्त फेरों के लिए बढ़ा दिया है. इसके अलावा 03229/03230 पटना–खुर्दा रोड जंक्शन–पटना साप्ताहिक स्पेशल का संचालन भी 2 और 3 जुलाई से 30 और 31 जुलाई 2026 तक पांच अतिरिक्त फेरों के लिए जारी रहेगा. दोनों ट्रेनें अपने वर्तमान समय, मार्ग, ठहराव और कोच संरचना के अनुसार ही संचालित होंगी.
अनुरक्षण कार्य के कारण तीन मेमू ट्रेनें रद्द
आसनसोल मंडल में शंकरपुर और मथुरापुर स्टेशनों के बीच डाउन लाइन पर समतल पटरी नवीनीकरण कार्य के कारण 2 जुलाई को 63546 जसीडीह–अंडाल मेमू तथा 63509/63510 बर्धमान–झाझा–बर्धमान मेमू ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा.
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इन परिवर्तनों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं. रेलवे का मानना है कि श्रावणी मेले के दौरान अतिरिक्त ट्रेनों और स्पेशल सेवाओं के विस्तार से बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और नियमित यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.


