Giridih: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने गुरुवार को बारिश के बीच 32 गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ संख्या 18 और 19 सहित कई क्षेत्रों में घर-घर चल रहे अभियान की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण, दस्तावेजों के सत्यापन और डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा की.
समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य के निर्देश
DC ने बीएलओ, सुपरवाइजर और वॉलंटियर्स से जानकारी लेते हुए कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटना नहीं चाहिए और सभी प्रपत्रों का समयबद्ध व त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन आवश्यक है. उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण और दैनिक समीक्षा करने के साथ-साथ अभियान के दौरान आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा.

लोकतंत्र से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम
DC ने कहा कि यह अभियान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है. जिला प्रशासन के अनुसार सभी विधानसभा क्षेत्रों में ERO, AERO और वरीय पदाधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण कर अभियान की निगरानी कर रहे हैं, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाया जा सके.
ALSO READ: कोडरमा के युवा उद्यमी सचिन मधुमक्खी पालन से कमा रहे लाखों, देशभर में बेच रहे 15 तरह का शहद


