Giridih: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले स्थित सेंट पीटर्स एंड पॉल सेफ्टेक्स एक्सपोर्ट फैसिलिटी में 21 जून को हुए अमोनिया गैस रिसाव के बाद झारखंड सरकार की पहल पर गिरिडीह के तीन प्रवासी श्रमिक सुरक्षित अपने घर लौट आए. गुरुवार को जिले पहुंचने पर प्रशासन ने उनका स्वागत किया और सरकारी वाहन से उन्हें उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की.
समन्वित प्रयास से हुई सुरक्षित वापसी
राज्य सरकार के निर्देश पर श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, राज्य नियंत्रण कक्ष, तिरुवल्लूर जिला प्रशासन, तमिलनाडु श्रम विभाग, रेलवे प्रशासन तथा गिरिडीह जिला प्रशासन के समन्वित प्रयास से झारखंड के कुल 42 प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की गई. विशेष अनुरोध पर रेलवे प्रशासन ने चेन्नई से धनबाद तक प्रभावित श्रमिकों के लिए विशेष रेल टिकट की व्यवस्था भी की.

तीन श्रमिक लौटे गिरिडीह
गिरिडीह लौटने वाले श्रमिकों में सुंदर राम किरकू, जितेंद्र बेसरा और लखीधर मुर्मू शामिल हैं. सहायक श्रमायुक्त कार्यालय और श्रम अधीक्षक कार्यालय की ओर से उनका स्वागत किया गया. साथ ही श्रम विभाग ने उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है.
प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन और श्रम विभाग समन्वय के साथ प्रभावित श्रमिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएंगे. साथ ही लौटे हुए श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के दायरे में लाया जाएगा.
ALSO READ : VIP जाइलो कार से हो रही थी मवेशी की तस्करी, चालक गिरफ्तार, चार सप्लायर सहित सात के खिलाफ केस


