Koderma: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया. बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत जिले के लिए 4,976 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 35 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है. उपायुक्त ने सभी पात्र महिलाओं को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
पोषण ट्रैकर की नियमित निगरानी और लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक में पोषण ट्रैकर के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकरण, आधार एवं मोबाइल सत्यापन, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (आभा) आईडी, अपार आईडी निर्माण, वीएचएसएनडी, सीबीई, एचसीएम, टीएचआर वितरण, गृह भ्रमण, माप दक्षता और दैनिक मॉनिटरिंग की समीक्षा की गई. समीक्षा में जयनगर और सतगावां परियोजनाओं का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम पाया गया. इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन डैशबोर्ड की निगरानी करने तथा लापरवाही बरतने वाली सेविकाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

किशोरी समृद्धि योजना के लाभार्थियों का जल्द भुगतान करने का निर्देश
सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत जिले में 21,695 पात्र बालिकाओं का चिन्हांकन किया गया है. उपायुक्त ने सभी पात्र बालिकाओं के आवेदन समय पर प्राप्त कर उनका भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में जिले के लिंगानुपात की भी समीक्षा की गई. पिछले एक वर्ष के दौरान जिले में 6,605 बालकों और 5,731 बालिकाओं का जन्म दर्ज किया गया, जिससे 874 का अंतर सामने आया. उपायुक्त ने इसे गंभीर चिंता का विषय बताते हुए अवैध भ्रूण जांच केंद्रों की पहचान कर पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. साथ ही लिंगानुपात सुधार के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया.
योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन पर दिया जोर
बैठक के अंत में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए. बैठक में उप विकास आयुक्त रवि जैन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक कुमारी तिर्की, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, जिला एवं प्रखंड समन्वयक, सी-3 तथा यूनिसेफ की टीम उपस्थित रही.
ALSO READ : सरायकेला: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026, गणना प्रपत्र वितरण कार्य का DC ने किया निरीक्षण


