Chaibasa : झारखंड सरकार की उन्नति का पहिया योजना के तहत पुरूनिया स्थित राजकीयकृत उच्च विद्यालय में कक्षा 8 के छात्र-छात्राओं के बीच निशुल्क साइकिल वितरण किया गया. प्रखंड खूंटपानी में निर्धारित 992 लक्ष्य के विरुद्ध प्रथम चरण में 436 विद्यार्थियों को साइकिल दी गयी. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दशरथ गागराई, प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा, जिला परिषद सदस्य जमुना तियू, प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय पाठक, विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाड़ेया और बबलू गोडसोरा उपस्थित रहे. विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि झारखंड सरकार की यह योजना विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल है. साइकिल मिलने से बच्चे समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगे और बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने जीवन को संवार सकेंगे.
सरकार का सराहनीय कदम
प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि सरकार की यह योजना शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय कदम है. उन्होंने विद्यार्थियों से नशापान एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और पूरी लगन से पढ़ाई कर अपने लक्ष्य को हासिल करने की अपील की. जिला परिषद सदस्या जमुना तियू ने कहा कि साइकिल वितरण से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है और इससे उनकी विद्यालय तक पहुंच आसान होगी. कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय उरांव, कल्याण पदाधिकारी बबलू माझी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सुभाष हाईबुरु, साइकिल वितरण सहायक नितेश कुमार सिन्हा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.



