palamu: न्यूज वेव पर प्रमुखता से खबर दिखाए जाने के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधि हरकत में आ गए हैं. पलामू जिले के हरिहरगंज नगर पंचायत के एक बेबस 14 वर्षीय बालक का भावुक वीडियो सामने आने के बाद न्यूज वेव ने इस दुखद खबर को प्रमुखता से प्रसारित किया था. जिसके बाद नगर पंचायत के अध्यक्ष (Chairman) जानू चौधरी ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और खुद पीड़ित परिवार की मदद के लिए दौड़ पड़े.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी बेबसी की तस्वीर
दरअसल, हरिहरगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 (अररूआ खुर्द) के निवासी राजमोहन चौधरी के पुत्र विकास कुमार चौधरी ने पुराना सरकारी अस्पताल के पास मुख्य मार्ग पर स्थित अपने बेहद जर्जर और ढहते हुए घर से एक वीडियो जारी किया था. वीडियो में विकास ने रोते हुए अपनी दयनीय आर्थिक स्थिति बयां की थी और चेयरमैन जानू चौधरी से मदद की गुहार लगाई थी. न्यूज वेब ने इस लाचार बच्चे की आवाज को बुलंद करते हुए इस खबर को प्रमुखता से चलाया, जिसके बाद पूरा तंत्र हरकत में आ गया.

खबर चलते ही एक्शन में आए चेयरमैन, निजी खर्च से पहुंचाई मदद
न्यूज वेव पर खबर फ्लैश होते ही चेयरमैन जानू चौधरी ने बिना एक पल गंवाए सीधा पीड़ित परिवार के घर का रुख किया. चेयरमैन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपने निजी खर्च से इस पीड़ित परिवार को तत्काल राहत पहुंचाई. उन्होंने न केवल परिवार के लिए राशन और आर्थिक सहायता की तुरंत व्यवस्था की, बल्कि घर के पास स्थित चपाकल (हैंडपंप) को भी ऊंचा करवाने का काम शुरू करवा दिया ताकि उन्हें पानी के लिए भटकना न पड़े.
आवास योजना की स्वीकृति, फंड आते ही मिलेगा पक्का मकान
चेयरमैन जानू चौधरी ने बच्चे और उसके परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे हर सुख-दुःख में उनके साथ खड़े हैं. उन्होंने आश्वस्त किया कि इस परिवार के लिए सरकारी आवास की स्वीकृति करा दी गई है. हालांकि वर्तमान में सरकारी फंड में राशि उपलब्ध नहीं है, लेकिन जैसे ही फंड में पैसा आता है, वैसे ही प्राथमिकता के आधार पर तुरंत इस परिवार को आवास आवंटित कर दिया जाएगा. न्यूज वेब की इस असरदार खबर और चेयरमैन जानू चौधरी की इस त्वरित मानवीय पहल की पूरे हरिहरगंज में जमकर सराहना हो रही है.


