Ramgarh: जिला के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह पुलिस और एक संगठित आपराधिक गिरोह के सदस्य के बीच मुठभेड़ हो गई. रांची, धनबाद और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे कुख्यात अपराधी शिवराज उर्फ शिवा डोम के पैर में गोली लगी है. पुलिस ने उसके पास से दो अवैध पिस्टल, पांच दर्जन जिंदा कारतूस और अन्य सामग्रियां बरामद की हैं. घायल अपराधी को तत्काल इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल, भुरकुंडा में भर्ती कराया गया है.
गुप्त सूचना पर हुई थी संयुक्त छापेमारी:
पुलिस यह गुप्त सूचना मिली थी कि रामगढ़ जिले के पतरातू (भुरकुंडा ओपी) थाना क्षेत्र के सयाल निवासी बिहारी राम का पुत्र शिवराज उर्फ शिवा किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है. वह रांची और धनबाद जिले में किसी बड़ी वारदात को लक्षित कर रहा था. इस इनपुट के आधार पर रांची और धनबाद पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवराज को पकड़ा गया.

बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग:
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस टीम ने शिवराज से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने स्वीकार किया कि उसने वारदात को अंजाम देने के लिए दो अवैध पिस्टल छुपाकर रखी हैं. इसी दौरान सोमवार की सुबह करीब 4:40 बजे पुलिस टीम अपराधी की निशानदेही पर हथियार बरामद करने के लिए BTTI केंद्रीय विद्यालय रिवरसाइड के पास पहुंची.
वहां शिवराज ने चालाकी दिखाते हुए एक हथियार बरामद कराने के बाद अचानक दूसरे पिस्टल से पुलिस टीम को निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई इस गोलीबारी के बाद पुलिस ने त्वरित आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की. इस मुठभेड़ में अपराधी शिवराज के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह वहीं गिर पड़ा.
बड़े आपराधिक गिरोहों से जुड़े हैं तार:
पकड़ा गया अपराधी शिवराज उर्फ शिवा डोम इलाके का पुराना और शातिर अपराधी है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह पूर्व में कुख्यात अमन श्रीवास्तव गिरोह के लिए सक्रिय रूप से काम कर चुका है. इसके बाद वह राहुल दुबे गिरोह में शामिल हुआ. इन दोनों ही गिरोहों की ओर से आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के मामले में वह पहले भी जेल जा चुका है. खुफिया इनपुट्स के मुताबिक, वर्तमान में वह प्रिंस खान गिरोह के संपर्क में था और उसी के इशारे पर कोयलांचल या राजधानी क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहा था. मुठभेड़ स्थल और अपराधी की निशानदेही पर पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त किया है. जिनमें एक 09 एमएम पिस्टल और एक 7.65 एमएम पिस्टल, करीब 60 पीस जिंदा कारतूस समेत कई अन्य सामान बरामद हुए है.


