Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, शिक्षाविद् और ‘एक देश, एक संविधान’ के उद्घोषक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जन्म-जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. इस अवसर पर भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने उनकी प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में 60 लोगों की हुई जांच
जयंती समारोह के साथ भाजपा प्रदेश कार्यालय परिसर में एक नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का भी आयोजन किया गया. शिविर में ASG नेत्र अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रियाज एवं उनकी टीम के सदस्य अभिषेक कुमार और रूपेश कुमार ने कुल 60 लोगों की आंखों की जांच की. शिविर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों ने भी स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया.

‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को किया याद
इस अवसर पर संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का देश निर्माण में योगदान अविस्मरणीय है. उन्होंने कहा कि उनका कर्तव्य, सेवा भाव और राष्ट्र के प्रति समर्पण केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि आज भी प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने कहा कि ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की जिस सोच को लेकर डॉ. मुखर्जी ने अपना पूरा जीवन समर्पित किया, उसी विचार को आगे बढ़ाते हुए भारतीय जनसंघ के रूप में बोया गया बीज आज भारतीय जनता पार्टी के रूप में विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल का स्वरूप ले चुका है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी उनके संकल्पों और सपनों के भारत के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है.
वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, हेमंत दास, परमा सिंह, सीमा सिंह, रमेश सिंह, राहुल अवस्थी, संजय चौधरी, अनिल सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. समारोह में सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को आत्मसात करने और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया.


