Jamtara: भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष, प्रखर राष्ट्रवादी नेता एवं महान शिक्षाविद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती सोमवार को जामताड़ा में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई. कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेन्द्र मंडल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म 6 जुलाई 1901 को कोलकाता में हुआ था. उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए अपना संपूर्ण जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित कर दिया. वीरेन्द्र मंडल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का विचार था कि देश में एक संविधान, एक निशान और एक प्रधान की व्यवस्था होनी चाहिए. डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके आदर्शों पर चलकर ही सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: बोकारो के कनारी भूमि अधिग्रहण मामले में हाईकोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित, मुआवजा भुगतान पर उठे गंभीर सवाल

राष्ट्र के लिए निरंतर कार्य करने का लिया गया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया. इस अवसर पर पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष गौउर बाउरी, पूर्व वार्ड पार्षद नीलेश कुमार, पूर्व भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष रंजीत राणा, मुकेश यादव, गुंजन दुबे, नागेश्वर मंडल, भुवन महतो, पिंटू सरखेल, मनोज राणा, मनोज रजक सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में तेजी, 37.94% मतदाताओं तक पहुंचे एन्यूमरेशन फॉर्म


