Ranchi: पुलिस की नशे कारोबारियों पर कार्रवाई लगातार जारी है, उसी क्रम में राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित बूटी मोड़ के पास पुलिस ने तीन गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है. उनमें सदर थाना क्षेत्र के वैक्सपोल फैक्ट्री के समीप स्थित ललिता इन्क्लेव( अशोक यादव का मकान में किरायेदार, मूल रूप से भीगोडीह, गिरिडीह), निवासी परमानंद राय, खेलगांव, न्यू खटंगा, विष्णु मंदिर के समीप का निवासी ललन साह तथा रितेश प्रसाद को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 310 ग्राम गांजा और 72,500 नकद और दो बाइक जब्त किया गया है. वे लोग उक्त गांजा तमाड़ से लाकर राजधानी में सप्लाई करते थे.
मौके पर ही दबोच लिया
सदर डीएसपी संजीव बेसरा को गुप्त सूचना मिली थी कि बूटी मोड़ के आगे परमानन्द स्टोर के पास कुछ लोग गांजे की खरीद-बिक्री कर रहे है. उसी सूचना पर डीएसपी के आदेश पर सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. रविवार देर रात पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही दो बाइक पर सवार तीनों आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें मौके पर ही दबोच लिया.

अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी
तलाशी लेने पर परमानन्द राय के पास से 33 पुड़ियों में 88 ग्राम गांजा, एक की-पैड मोबाइल और रोलिंग पेपर बरामद हुआ. ललन साह के पास से छह पुड़ियों में 90 ग्राम गांजा, 72,500 नकद और एक वीवो (VIVO) स्मार्टफोन मिला, जबकि रितेश प्रसाद के पास से 59 पुड़ियों में 132 ग्राम गांजा तथा एक की-पैड मोबाइल बरामद किया गया. इसके अलावा दो बाइक भी जब्त की गई. पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे तमाड़ और देवड़ी मंदिर क्षेत्र से गांजा लाकर अपने घरों में छोटी-छोटी पुड़ियां तैयार करते थे और कोकर, बूटी मोड़, खेलगांव चौक समेत आसपास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचते थे. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है.


