Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले की परसुडीह थाना पुलिस ने वर्ष 2024 के चर्चित डकैती की साजिश मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही थी. गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 25 अक्टूबर 2024 की शाम करीब पांच बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोबिंदपुर स्थित एक निर्माणाधीन फ्लैट के पास कुछ अपराधी हथियार के साथ बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर गठित विशेष छापेमारी टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सुजल गोप, दिनेश पात्रो उर्फ शुरू बाबू, राकेश पाल उर्फ सोना भगत, सनुष गोप और असीन दास को गिरफ्तार किया था. तलाशी के दौरान राकेश पाल के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ था. सभी आरोपियों को 26 अक्टूबर 2024 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था.
लंबे समय से फरार चल रहे थे दोनों आरोपी
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने लखीकांत गोप उर्फ बेगी और समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप के नाम बताए थे. इसके बाद से दोनों फरार चल रहे थे. पुलिस ने लगातार छापेमारी अभियान चलाकर आखिरकार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी लखीकांत गोप उर्फ बेगी (35 वर्ष) परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोबिंदपुर का निवासी है. वहीं समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप (34 वर्ष) वर्तमान में छोटा गोबिंदपुर के सुभाषनगर में रहता है, जबकि उसका स्थायी पता पोटका थाना क्षेत्र के बंगालीबासा में है. सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक संबंधों और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच कर रही है.

आपराधिक नेटवर्क की भी जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार लखीकांत गोप के खिलाफ वर्ष 2016 में रंगदारी, चोरी और तोड़फोड़ के मामले दर्ज हैं. वहीं समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप के खिलाफ वर्ष 2018 में रंगदारी, मारपीट, धमकी देने और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच में जुटी हुई है.


