Ranchi: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत मतदाता गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की सोमवार देर शाम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने समीक्षा की. उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO), BLO और पर्यवेक्षकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.
प्रतिदिन BLO और पर्यवेक्षकों के कार्यों की निगरानी करने का निर्देश
समीक्षा बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में विधानसभावार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक ERO और AERO प्रतिदिन अपने अधीनस्थ BLO और पर्यवेक्षकों के कार्यों की निगरानी करें तथा प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए. उन्होंने BLO पर्यवेक्षकों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों का निरीक्षण करने और प्रत्येक प्रपत्र की गुणवत्ता व शुद्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.

सिल्ली के दो पर्यवेक्षकों पर कार्रवाई
समीक्षा के दौरान सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के दो BLO पर्यवेक्षकों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया. SIR कार्य में लापरवाही, वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना, कर्तव्यहीनता और खराब प्रदर्शन के आरोप में पंकज तिर्की और कमला एक्का को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
29 जुलाई तक पूरा करना होगा काम
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि 29 जुलाई 2026 तक Enumeration Form के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य पूरी गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने BLO को प्रतिदिन सुबह घर-घर जाकर प्रपत्र वितरित और संग्रहित करने तथा दोपहर में एकत्रित प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन करने का निर्देश दिया. साथ ही जिन मतदाताओं से पहली बार संपर्क नहीं हो पाया, उनके घर दोबारा जाकर प्रपत्र उपलब्ध कराने और प्राप्त करने को कहा, ताकि अभियान को समय पर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके.


