Ranchi: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के पेंशनधारियों को अप्रैल से जुलाई 2026 (चार महीने) की पेंशन राशि जारी कर दी गई है. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर प्रथम चरण में 1 लाख 59 हजार 358 लाभुकों के बैंक खातों में 63 करोड़ 74 लाख 32 हजार रुपये सीधे DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजे गए हैं. प्रत्येक लाभुक को चार महीने की पेंशन के रूप में 4,000 रुपये प्राप्त हुए हैं.
इन क्षेत्रों के लाभुकों की मिली राशि
जिला प्रशासन के अनुसार, अरगोड़ा शहरी, बरगाई शहरी, बेड़ो, बुंडू, बुंडू नगर पंचायत, बुढ़मू, हेहल शहरी, इटकी, कांके, कांके शहरी, खलारी, लापुंग, मांडर, नगड़ी, नगड़ी शहरी, नामकुम, नामकुम शहरी, ओरमांझी, राहे, रातू, सिल्ली और सोनाहातू के लाभुकों को पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है.

इन क्षेत्रों में भुगतान की प्रक्रिया जारी
प्रशासन ने बताया कि अनगड़ा, चान्हो, तमाड़ और शहर अंचल के लाभुकों के बैंक खातों में पेंशन राशि भेजने की प्रक्रिया अभी जारी है. इन क्षेत्रों के लाभुकों को जल्द ही भुगतान कर दिया जाएगा.
आधार सीडिंग और सत्यापन जरूरी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों के बैंक खाते में अभी तक पेंशन की राशि नहीं पहुंची है, वे जल्द से जल्द अपने बैंक खाते को आधार से लिंक (आधार सीडिंग) कराएं. इसके साथ ही सभी लाभुकों से अपने संबंधित प्रखंड या अंचल कार्यालय में भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) कराने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में पेंशन का भुगतान बिना किसी बाधा के नियमित रूप से होता रहे.
यह भी पढ़ें: SIR-2026: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की DC ने की समीक्षा, सिल्ली के दो BLO पर्यवेक्षकों को कारण बताओ नोटिस


