Ranchi: झारखंड में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत अब घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि इस अभियान का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और परिवार के सदस्यों के नाम सही मतदान केंद्र पर दर्ज हों. उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम और उनके विवरण की जांच करेंगे. जिन पात्र लोगों का नाम 5 अगस्त को जारी प्रारूप मतदाता सूची में नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 और घोषणापत्र जमा कर सकेंगे.

एक परिवार, एक मतदान केंद्र पर जोर
सत्यापन के दौरान यह भी देखा जाएगा कि एक ही परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्रों पर तो दर्ज नहीं हैं. अगर ऐसा पाया गया तो मतदाता को फॉर्म-8 के जरिए सही मतदान केंद्र में नाम स्थानांतरित कराने में बीएलओ मदद करेंगे. इसका उद्देश्य ‘एक परिवार-एक मतदान केंद्र’ व्यवस्था को लागू करना है.
दूसरे राज्यों में नाम है तो झारखंड में करा सकेंगे ट्रांसफर
के. रवि कुमार ने बताया कि झारखंड में रहने वाले ऐसे लोग, जिनका नाम अभी बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है, वे अपने वर्तमान सामान्य निवास वाले क्षेत्र में नाम स्थानांतरित करा सकते हैं. इसके लिए फॉर्म-8 और निर्धारित घोषणापत्र जमा करना होगा.
यह भी पढ़ें: यौन उत्पीड़न मामले में तय थी फैसले की तारीख; अभियोजन ने मांगा समय, अब कल होगा फैसला
घरों पर लगेगा ‘Family Together Sticker’
घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान परिवारों के घर पर ‘Family Together Sticker’ लगाने की भी पहल होगी. इसके जरिए परिवारों से अपील की जाएगी कि सभी पात्र वयस्क सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र की सूची में दर्ज हैं या नहीं, इसकी जांच करें. स्टिकर पर घर की पहचान संख्या और बीएलओ से संपर्क की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी. इस अभियान को 4 सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
युवा ऑनलाइन कर सकेंगे आवेदन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की. पात्र युवा ECINET के जरिए फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. किसी तरह की परेशानी या जानकारी के लिए ECINET के ‘Book a Call’ फीचर से बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा निर्वाचन संबंधी सहायता के लिए 1950 टोल-फ्री नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है.

