Jamtara: विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की उपस्थिति में MMDR संशोधन विधेयक, 2026 के प्रावधानों एवं इसके झारखंड पर संभावित प्रभाव को लेकर सालबगान, फतेहपुर में आमजनों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के साथ विस्तृत संवाद किया गया. इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि झारखंड की पहचान और अर्थव्यवस्था उसके जल, जंगल, जमीन एवं समृद्ध खनिज संपदा से जुड़ी है. खनिज संपदा केवल राजस्व का स्रोत नहीं, बल्कि राज्य के लोगों, विशेषकर आदिवासी एवं मूलवासी समाज के अधिकार, आजीविका और भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. बैठक में झारखंड के खनिज संसाधनों पर राज्य के अधिकार, स्थानीय समुदायों के हित, पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर मजबूती से आवाज उठाने का संकल्प व्यक्त किया गया.


