Giridih: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आयोजित प्रतिष्ठित ऑल इंडिया सब-जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में गिरिडीह के होनहार खिलाड़ी राजवीर डी. ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. राजवीर ने अपने जोड़ीदार संबित रमेश के साथ अंडर-15 डबल्स वर्ग में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज़ मेडल) अपने नाम किया. इस उपलब्धि से गिरिडीह सहित पूरे झारखंड में खेल प्रेमियों के बीच खुशी की लहर है.
पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व का विषय
राजवीर और संबित की इस सफलता पर गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल दोनों खिलाड़ियों की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के बल पर हासिल की गई. यह सफलता जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी. उपायुक्त ने कहा कि यदि युवा पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ खेलों में आगे बढ़ें तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं. राजवीर और संबित ने यह साबित कर दिया है कि झारखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और लगातार अभ्यास की है.

सफलता की शुभकामनाएं
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि जिले की प्रतिभाएं भविष्य में भी राज्य और देश का नाम रोशन करती रहें. उपायुक्त ने विश्वास जताया कि राजवीर और संबित आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर भारत के लिए कई पदक जीतेंगे.उपायुक्त रामनिवास यादव ने दोनों खिलाड़ियों के अभिभावकों, प्रशिक्षकों और इस सफलता में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों को भी बधाई दी. उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे परिवार, कोच और खेल संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. जिला प्रशासन ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दीं.
खेल जगत में खुशी की लहर
राजवीर डी. और संबित रमेश की इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर झारखंड बैडमिंटन एसोसिएशन, जिला खेल पदाधिकारी, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, गिरिडीह इनडोर स्टेडियम की प्रबंधन समिति, बैडमिंटन प्रशिक्षक मुकेश कुमार, राज्य के कई खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और जिलेवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है. सभी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर झारखंड और भारत का नाम गौरवान्वित करेंगे. राजवीर डी. की यह उपलब्धि न केवल गिरिडीह के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी एक प्रेरणा है कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है.
AlsoRead:उत्पाद सिपाही पेपर लीक मामला: तीन आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका पर 9 और 10 जुलाई को होगी सुनवाई


