Lohardaga: अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में लोहरदगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. कुडू-चांपी मार्ग पर वाहन जांच के दौरान दो मालवाहक टेम्पू से नकली अंग्रेजी शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री, भारी मात्रा में संदिग्ध शराब और उपकरण बरामद किए गए। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक(SP) को सूचना मिली थी कि दो टेम्पू के जरिए अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है. सूचना के बाद SDPO श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कुडू-चांपी मार्ग स्थित टिको मोड़ पर वाहन जांच अभियान चलाया गया.

भागने की कोशिश, पुलिस ने दबोचा
जांच के दौरान दोनों टेम्पू को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रांची के कमड़े निवासी सुधीर कुमार साहु (21) और लोहरदगा के विश्रामगढ़ निवासी प्रकाश लोहरा (20) के रूप में हुई.
भारी मात्रा में सामान बरामद
तलाशी में 16 जार में भरी नकली अंग्रेजी शराब, 25 लीटर संदिग्ध तरल पदार्थ, स्प्रिट जैसे पदार्थ से भरे डिब्बे, तीन टुलू पंप, दो मशीनें, रॉयल चैलेंज ब्रांड के कार्टन, प्लास्टिक शराब की बोतलें, स्टीकर, ढक्कन और बारकोड सहित बड़ी मात्रा में शराब निर्माण का सामान बरामद किया गया.
ALSO READ: बोकारो: जाम में फंसी बाइक की डिक्की से 3.50 लाख की चोरी
बड़े नेटवर्क की जांच शुरू
प्रारंभिक जांच में आशंका है कि नकली शराब तैयार कर उसे नामी ब्रांड के नाम से बाजार में खपाया जा रहा था. पुलिस अब पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.
मामला दर्ज, अभियान रहेगा जारी
इस मामले में कुडू थाना कांड संख्या 64/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 292, 274, 338 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


