Koderma: जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. रमन कुमार की अध्यक्षता में 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान और जून माह की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर के NTEP कर्मी वर्चुअल माध्यम से भी जुड़े.
149 शिविरों में 8,025 लोगों की स्क्रीनिंग
24 मार्च से 1 जुलाई तक चले विशेष अभियान के दौरान जिले में 149 आयुष्मान आरोग्य शिविर लगाए गए. इन शिविरों के माध्यम से 174 उच्च जोखिम वाले गांवों के 8,025 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई. जांच में 349 संभावित टीबी मरीज चिन्हित किए गए, जिनके नमूनों की ट्रूनेट मशीन से जांच कराई जा रही है.

20 जुलाई तक निक्षय पोर्टल अपडेट करने का निर्देश
जिला यक्ष्मा पदाधिकारी ने सभी एसटीएस और एसटीएलएस को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान हुए एक्स-रे, जांच रिपोर्ट और अन्य लंबित प्रविष्टियों को 20 जुलाई 2026 तक निक्षय ऐप और निक्षय पोर्टल पर शत-प्रतिशत अपडेट किया जाए. साथ ही अगले चरण में उच्च जोखिम वाले गांवों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में व्यापक स्क्रीनिंग की योजना बनाने को कहा.
टीबी मरीजों की समग्र जांच पर जोर
बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी नए और उपचाररत TB मरीजों की ब्लड शुगर, रक्तचाप, एचआईवी सहित अन्य आवश्यक जांच कर उनकी जानकारी निक्षय ऐप में दर्ज की जाए. साथ ही मरीजों के संपर्क में आए लोगों की स्क्रीनिंग और टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (टीपीटी) उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया.
निजी चिकित्सकों और जनप्रतिनिधियों को जोड़ने की पहल
डीपीपीएम समन्वयक को निजी चिकित्सकों के साथ समन्वय बढ़ाकर निजी क्षेत्र के टीबी मरीजों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. वहीं जनप्रतिनिधियों और पीआरआई सदस्यों को निक्षय मित्र अभियान से जोड़कर TB मरीजों को गोद लेने और उन्हें पोषण सहायता उपलब्ध कराने की अपील की गई. वर्तमान में जिले के 162 टीबी मरीजों को सीएसआर मद से प्रोटीनयुक्त पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है.


