Hazaribagh: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ने सदर अनुमंडल की अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), पुलिस निरीक्षक सह सदर थाना प्रभारी तथा सदर थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान नए और पुराने सभी आपराधिक मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई और कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए. पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि वर्ष 2025 से पूर्व एवं वर्तमान में लंबित सभी कांडों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन किया जाए. उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के कारण न्याय प्रक्रिया प्रभावित होती है, इसलिए प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती के लिए विशेष अभियान
बैठक में सदर थाना क्षेत्र में लंबित जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को लेकर भी गंभीरता दिखाई गई. एसपी ने निर्देश दिया कि विशेष अभियान चलाकर सभी लंबित वारंटों और न्यायालय से संबंधित आदेशों का जल्द निष्पादन किया जाए. पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि प्रत्येक सोमवार को थाना स्तर पर सभी पुलिस पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाए. इस बैठक में लंबित मामलों की समीक्षा कर उनकी प्रगति का आकलन किया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
बैठक में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर विशेष चिंता व्यक्त की गई. एसपी ने पुलिस अधिकारियों को ऐसे स्थानों की पहचान करने, नशा कारोबार से जुड़े लोगों को चिन्हित करने तथा विशेष अभियान चलाकर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि सभी लंबित साइबर कांडों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए. साथ ही इसमें शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए.
जनसुनवाई और आम लोगों की समस्याओं के समाधान पर बल
एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों में आने वाले आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध समाधान किया जाए. उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली आम जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह होनी चाहिए. जमीन विवाद से जुड़े लंबित मामलों को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए. एसपी ने कहा कि ऐसे सभी मामलों की थाना दिवस के दौरान समीक्षा की जाए और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को पत्राचार कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
अपराध नियंत्रण और जवाबदेही बढ़ाने की पहल
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय पुलिसिंग करने, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा आम जनता का विश्वास मजबूत करने के लिए पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.


