Palamu: मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सिगरा कला स्थित अमानत शिव मंदिर के समीप एक खेत से एक नवजात शिशु का शव बरामद किया गया है. खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची
मेदिनीनगर एमआरएमसीएच (MRMCH) स्थित टीओपी पुलिस पदाधिकारी महेंद्र कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिगरा कला अमानत शिव मंदिर के पास एक खेत में नवजात का शव देखा गया है. सूचना के आलोक में सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, जहां नवजात शिशु का शव लावारिस स्थिति में पड़ा हुआ था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जहां शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि यह शव करीब एक से डेढ़ दिन पुराना हो सकता है. पुलिस इस संवेदनशील मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा.

AlsoRead:पलामू: 5 दिनों तक बंधक बनाकर रखा युवक, लेबर सप्लायर गिरफ्तार


