Bokaro: भाकपा माले (CPI-ML) और असंगठित मजदूर मोर्चा ने मंगलवार को बिजुलिया मोड़ से सांसद ढुल्लू महतो के खिलाफ जुलूस निकाला. जुलूस का नेतृत्व कामरेड पंकज माझी ने किया, जबकि संचालन पशुपति महतो ने किया.
जांच की उठाई मांग
जुलूस के बाद बिनोद चौक पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने सांसद ढुल्लू महतो और कथित गैंगस्टर प्रिंस खान के बीच संबंधों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. साथ ही सांसद की कथित अवैध कमाई और उनसे जुड़े आरोपों की जांच के लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित करने की भी मांग की.

माफिया राज के खिलाफ आंदोलन का ऐलान
सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में माफिया राज की वापसी की कोशिश हो रही है. उन्होंने कहा कि भाकपा माले (CPI-ML) और मजदूर संगठन इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेंगे. प्रदर्शन के दौरान “माफिया राज की वापसी की साजिश चकनाचूर करो” जैसे नारे भी लगाए गए.
संघर्ष की विरासत आगे बढ़ाने की अपील
वक्ताओं ने कॉमरेड A.K. राय, गुरुदास चटर्जी, शक्तिनाथ महतो और बिनोद बिहारी महतो की संघर्षपूर्ण विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया. कार्यक्रम में लाल मोहन रजवार, भीम रजक, मुन्ना भाई, आनंद महतो, मंटू महतो, सुरेश कुमार महतो, ऐनुल अंसारी, भवेश रजवार, रामवृक्ष महतो, अनिल महतो, मंजूर अंसारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.


