Ranchi: झारखंड के प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में पारा शिक्षकों (सहायक अध्यापकों) के लिए बड़ी खुशखबरी है. राज्य सरकार ने पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित 7304 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है. कार्मिक विभाग ने मंगलवार को इन पदों के लिए अधियाचना झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को भेज दी है. अब आयोग इसी महीने के अंत तक भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित कर सकता है. संभावना है कि सितंबर तक परीक्षा आयोजित कर परिणाम भी जारी कर दिया जाएगा.
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया
यह नियुक्ति प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप शुरू की जा रही है. शीर्ष अदालत ने पिछले महीने राज्य सरकार को निर्देश दिया था कि सहायक शिक्षक और सहायक आचार्य के कुल रिक्त पदों में से 50 प्रतिशत पद पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित किए जाएं और चार सप्ताह के भीतर इसकी अधिसूचना जारी की जाए.

इन पदों पर केवल पारा शिक्षक ही कर सकेंगे आवेदन
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि आरक्षित 50 प्रतिशत पदों के लिए केवल पारा शिक्षकों से ही आवेदन लिए जाएंगे. यानी इन पदों पर अन्य अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर सकेंगे.
Read Also: मोराबादी साप्ताहिक बाजार पर नगर निगम की दूसरी बार कार्रवाई, विरोध के बीच फिर नहीं लगने दिया बाजार
वरिष्ठता नहीं, परीक्षा के आधार पर होगी नियुक्ति
पारा शिक्षकों ने अपनी सेवाओं को वरिष्ठता के आधार पर नियमित करने की मांग की थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इसे स्वीकार नहीं किया. अदालत ने कहा कि केवल वरिष्ठता के आधार पर नियमितीकरण करना भर्ती की नई व्यवस्था बनाना होगा, जो कानून के अनुरूप नहीं है. हालांकि, कोर्ट ने सरकार को रिक्त पदों पर नियमानुसार भर्ती करने का निर्देश दिया. इसके तहत अब पारा शिक्षकों को सहायक आचार्य नियुक्ति नियमावली-2022 के अनुसार परीक्षा देनी होगी. इस भर्ती में उन्हें आयु सीमा में नियमानुसार छूट भी मिलेगी. परीक्षा कुल 400 अंकों की होगी.
किन पदों पर होगी नियुक्ति
| श्रेणी | सीधी नियुक्ति | बैकलॉग नियुक्ति |
| कक्षा 1 से 5 | 1,909 | 847 |
| कक्षा 6 से 8 | 4,197 | 351 |
कौन-कौन दे सकेंगे परीक्षा?
इस भर्ती परीक्षा में केवल वही पारा शिक्षक शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) उत्तीर्ण की है.
- कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 के लिए अलग-अलग परीक्षाएं आयोजित होंगी.
- कक्षा 6 से 8 के लिए गणित एवं विज्ञान, भाषा और सामाजिक विज्ञान विषयों में स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी.
अब तक 13 हजार पारा शिक्षक बन चुके हैं सरकारी शिक्षक
राज्य में सहायक आचार्य के 26 हजार पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है, जिनमें से 13 हजार पद पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित हैं. अब तक करीब 13 हजार पारा शिक्षक सरकारी शिक्षक बन चुके हैं. इनमें वर्तमान भर्ती प्रक्रिया के दौरान चयनित करीब सात हजार पारा शिक्षक भी शामिल हैं, जबकि कुछ अभ्यर्थियों का चयन गैर-पारा शिक्षक श्रेणी के पदों पर भी हुआ है.


