News Wave Desk: नेटफ्लिक्स की सुपरहिट रोमांटिक-कॉमेडी वेब सीरीज ‘मिसमैच्ड’ के चाहने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है. शो के चौथे और अंतिम सीजन की शूटिंग आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है. इस बात की जानकारी खुद रोहित सराफ और प्राजक्ता कोली ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार वीडियो शेयर कर दी. वीडियो सामने आते ही फैंस की एक्साइटमेंट देखते ही बन रही है. खास बात यह है कि इस सीजन के साथ डिंपल और ऋषि की खूबसूरत लव स्टोरी अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंचेगी.
रोहित सराफ और प्राजक्ता कोली ने शेयर किया शूटिंग का वीडियो
रोहित सराफ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्राजक्ता कोली के साथ सेट से एक फन वीडियो शेयर किया है. वीडियो में दोनों कलाकार शूटिंग के दौरान मस्ती करते नजर आ रहे हैं. वीडियो के आखिर में दिखने वाला क्लैपबोर्ड इस बात की पुष्टि करता है कि ‘मिसमैच्ड सीजन 4’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है. पोस्ट शेयर करते हुए रोहित ने कैप्शन में लिखा, “DimpShi फैंस, मेरे पास आपके लिए कुछ है.” इसके बाद फैंस ने कमेंट सेक्शन में अपनी खुशी जाहिर करते हुए नए सीजन का बेसब्री से इंतजार करने की बात कही.

View this post on Instagram
डिंपल और ऋषि की कहानी पहुंचेगी अपने अंजाम तक
‘मिसमैच्ड’ का चौथा सीजन इस लोकप्रिय सीरीज का आखिरी सीजन होगा. ऐसे में दर्शकों को डिंपल और ऋषि की लव स्टोरी का फाइनल चैप्टर देखने को मिलेगा. प्यार, दोस्ती, नोकझोंक और रिश्तों के उतार-चढ़ाव से भरी दोनों की जर्नी इस सीजन में अपने मुकाम तक पहुंचेगी.
सीजन 4 में कौन-कौन आएगा नजर?
इस बार भी शो में कई पुराने चेहरे वापसी करेंगे. रोहित सराफ और प्राजक्ता कोली के अलावा अहसास चन्ना, तारुक रैना, मुस्कान जाफरी, अभिनव शर्मा, विद्या मालवड़े और रणविजय सिंघा अपने-अपने किरदारों में नजर आएंगे.
किताब पर आधारित है ‘मिसमैच्ड’
यह सीरीज लेखिका संध्या मेनन की साल 2017 में प्रकाशित चर्चित किताब ‘When Dimple Met Rishi’ पर आधारित है. इसका पहला सीजन साल 2020 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था.
कब रिलीज होगा ‘मिसमैच्ड सीजन 4’?
फिलहाल मेकर्स ने ‘मिसमैच्ड सीजन 4’ की रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है. ऐसे में फैंस को डिंपल और ऋषि की आखिरी कहानी देखने के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा.


