Koderma : डोमचांच प्रखंड के नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत मसमोहना गांव में बुधवार रात एक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक की पहचान 30 वर्षीय विकास यादव के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार विकास यादव मरकच्चो की ओर से अपनी मोटरसाइकिल संख्या JH-11-AV-4242 से घर रायडीह लौट रहा था. इसी दौरान मसमोहना पंचायत भवन के समीप स्पीड ब्रेकर पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई. हादसे में विकास यादव को सर और शरीर में गंभीर चोटें आयी. घटना की सूचना मिलते ही मसमोहना के भाजपा महामंत्री सह समाजसेवी प्रिंस सिंह, संटू साव और अन्य स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल अपने वाहन से सदर अस्पताल कोडरमा लाया गया.

साइनेज और रिफ्लेक्टर लगाने की मांग
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. स्थानीय लोगों ने मसमोहना पंचायत भवन के पास स्पीड ब्रेकर पर हादसे बढ़ने की बात कहते हुए प्रशासन से वहां साइनेज और रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
ALSO READ : श्रावणी मेला 2026: देवघर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, झारखंड के विभिन्न जिलों से कुल 8743 जवान रहेंगे तैनात

