Ranchi : राजधानी के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर रोड नंबर 5B में बुधवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब चोरी की नीयत से आए चोर और एक सुरक्षाकर्मी के बीच मुठभेड़ जैसी स्थिति बन गई. इस दौरान हुई एक सुरक्षा चूक में मकान मालिक के बॉडीगार्ड को खुद की ही लाइसेंसी बंदूक से गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
चोरी की नीयत से घुसे थे दो चोर
जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर रात अशोक नगर रोड नंबर 5B स्थित स्थानीय निवासी निशित केशरी के घर में दो अज्ञात चोर चोरी करने के इरादे से परिसर में दाखिल होने की फिराक में थे. दोनों अपराधी दबे पांव घर के भीतर घुसने का प्रयास कर रहे थे, तभी वहां मुस्तैद नितेश प्रियदर्शी के निजी बॉडीगार्ड की नजर उन पर पड़ गई.

फायरिंग के दौरान खुद की गोली का शिकार हुआ बॉडीगार्ड

चोरों को देखते ही बॉडीगार्ड ने तत्परता दिखाई और उन्हें ललकारते हुए पकड़ने का प्रयास किया. अपराधियों को डराने और आत्मरक्षा के उद्देश्य से बॉडीगार्ड ने अपनी लाइसेंसी हथियार निकाल ली और फायरिंग करने की कोशिश की. इसी आपाधापी में अचानक एक बड़ी चूक हो गई और गलती से बॉडीगार्ड के अपने ही हथियार से गोली चल गई, जो सीधे उसे जा लगी. गोली लगते ही बॉडीगार्ड लूलहान होकर वहीं गिर पड़ा. गोली की आवाज सुनकर चोर मौके का फायदा उठाकर अंधेरे में फरार हो गए.
अस्पताल में भर्ती, स्थिति पर नजर
घटना के तुरंत बाद घर के लोग और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. लहूलुहान सुरक्षाकर्मी को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल उसकी स्थिति पर डॉक्टरों की टीम नजर बनाए हुए है.
तीन थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

हाई-प्रोफाइल इलाके में गोलीबारी और चोरी के प्रयास की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर रवाना किया गया. घटनास्थल पर स्थिति को नियंत्रित करने और छानबीन के लिए अरगोड़ा, जगन्नाथपुर और कोतवाली थाना की पुलिस संयुक्त रूप से मौके पर पहुंची पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है.
साक्ष्य जुटाने और अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस
स्थानीय पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है. फॉरेंसिक और तकनीकी टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार चोरों का सुराग लगाया जा सके.
ALSO READ: RIMS लैंड स्कैम- ACB ने दी केस डायरी, सोनू शरण की अग्रिम बेल पर 20 को सुनवाई


