Chakardharpur: सोनुवा प्रखंड में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने नाराजगी जताई है. गुरुवार को सोनुवा स्थित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में आयोजित भाजपा की बैठक में जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक ने क्षेत्र की बिजली समस्या को गंभीर बताते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो पार्टी एसडीओ कार्यालय का घेराव करेगी और आवश्यकता पड़ने पर सड़क जाम आंदोलन भी करेगी. बैठक के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि जून माह से ही सोनुवा प्रखंड में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण लोग परेशान हैं. आरोप लगाया गया कि प्रतिदिन शाम करीब 7 बजे बिजली आपूर्ति बाधित कर दी जाती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं, किसानों, छोटे व्यवसायियों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
कई बार शिकायत के बावजूद कोई समाधान नहीं
जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक ने कहा कि सोनुवा टोपोटोलो ग्रिड के अंतर्गत आने वाले टाउन फीडर, बारी फीडर, लोको फीडर और गोलमंडा फीडर में प्रतिदिन शाम के समय बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है. उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं.

आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी होगी बिजली विभाग की
उन्होंने बिजली विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन करेगी. पहले एसडीओ कार्यालय का घेराव किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर सड़क जाम भी किया जाएगा. उन्होंने कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी.बैठक में सोनुवा मंडल अध्यक्ष निशांत महतो, मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी केदारनाथ नायक ने कहा कि पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ALSO READ : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कई अहम मुद्दों पर बनी सहमति, समुद्री सुरक्षा और परमाणु ऊर्जा को मिलेगी नयी दिशा


