Ranchi: आगामी ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. गुरुवार को जगन्नाथपुर मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता डीजीपी तदाशा मिश्र ने की. बैठक के दौरान डीजीपी ने मेले के सफल आयोजन, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों, मेला आयोजनकर्ताओं और स्थानीय प्रबुद्ध व प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ विस्तृत चर्चा की और कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस दौरान एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित थे.

सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर

बैठक में डीजीपी तदाशा मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि रथ मेला में लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए. उन्होंने मंदिर परिसर, रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, सादे लिबास में पुलिस बलों की तैनाती करने और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस दस्ते तैनात करने के निर्देश दिए.

यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने का खाका तैयार
मेले के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे और श्रद्धालुओं को जाम का सामना न करना पड़े, इसके लिए ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह को विशेष रूट चार्ट तैयार करने को कहा गया है. भारी वाहनों के प्रवेश के लिए समय सीमा निर्धारित करने और पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त लाइटिंग व सुरक्षा बल तैनात करने की बात कही गई. डीजीपी ने आयोजनकर्ताओं और स्थानीय प्रतिष्ठित व्यक्तियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही इतने बड़े आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है. उन्होंने मेला समिति को जगह-जगह सहायता केंद्र (हेल्प डेस्क) और चिकित्सा शिविर स्थापित करने का भी सुझाव दिया.


