Giridih: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत मतदाता सूची के शुद्धिकरण, अद्यतन और डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा को लेकर प्रशासन सक्रिय है. गुरुवार को बगोदर-सरिया अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने विभिन्न क्षेत्रों का डोर-टू-डोर निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने बूथ स्तर पर गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण करते हुए संबंधित BLO और सुपरवाइजरों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने मतदाताओं से बातचीत कर गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और सभी प्राप्त प्रपत्रों का समयबद्ध व त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए.

SDO ने निर्देश दिया प्रत्येक शिकायत का तुरंत समाधान हो
इसके बाद उन्होंने अनुमंडल स्तर पर संचालित वोटर हेल्पलाइन डेस्क का भी निरीक्षण किया. हेल्पलाइन 1950 पर प्राप्त शिकायतों और मतदाताओं को दी जा रही सहायता की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित और प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक SIR-2026 अभियान से जुड़ सकें. अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे समय पर गणना प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित BLO को उपलब्ध कराएं और मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें.

ALSO READ : गिरिडीह का आधुनिक आधार सेवा केंद्र बना लोगों की पहली पसंद, रोज 300 से अधिक नागरिक उठा रहे लाभ


