Gumla: ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा ने गुरुवार को गुमला जिले का दौरा कर ग्रामीण विकास, मनरेगा और आजीविका योजनाओं की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, लंबित भुगतान और जमीनी चुनौतियों की जानकारी ली.
योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर
समीक्षा बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना, एनआरएलएम, बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना सहित कई योजनाओं की समीक्षा की गई. संयुक्त सचिव ने कहा कि योजनाओं में आने वाली तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए.

‘जोहार रागी’ को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल
संयुक्त सचिव ने करौंदी स्थित रागी प्रोसेसिंग सेंटर का निरीक्षण किया और महिला स्वयं सहायता समूहों से बातचीत की. उन्होंने ‘जोहार रागी’ की सफलता की सराहना करते हुए इसे राष्ट्रीय स्तर पर ब्रांड बनाने, बेहतर मार्केटिंग और रागी टेस्टिंग लैब की जरूरत पर जोर दिया.
ग्रामसभा में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
तेलगांव पंचायत में आयोजित ग्रामसभा में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, सिंचाई और मनरेगा भुगतान से जुड़ी समस्याएं रखीं. संयुक्त सचिव ने अधिकारियों को इन समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए.
महिला समूहों के कार्यों की सराहना
दौरे के दौरान उन्होंने गुमला हाट और पलाश आजीविका दीदी कैफे का भी निरीक्षण किया. उन्होंने महिला समूहों की आजीविका गतिविधियों और स्थानीय उत्पादों के विपणन मॉडल की प्रशंसा की। इस दौरान उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो समेत जिले के कई अधिकारी मौजूद रहे.


