Koderma: जिले के सतगावां थाना क्षेत्र की सुदूरवर्ती राजाबर पंचायत अंतर्गत कुसहनियां गांव में गुरुवार रात सर्पदंश से एक 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है. मृतक की पहचान प्रकाश राय के पुत्र कमलेश कुमार उम्र 13 वर्ष के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार गुरुवार रात कमलेश अपने घर में सो रहा था. इसी दौरान किसी जहरीले सर्प ने उसे डस लिया. रात में दर्द या किसी प्रकार की हलचल न होने के कारण परिजनों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी.
जानें पूरा मामला
शुक्रवार सुबह जब कमलेश की मां उसे जगाने पहुंची तो उसने पेट में तेज जलन और बेचैनी की शिकायत की. परिजन कुछ समझ पाते इससे पहले ही कमलेश अचेत होकर गिर पड़ा और उसके नाक व मुंह से झाग निकलने लगा. आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों ने उसे चारपहिया वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सतगावां पहुंचाया. वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोर की मौत हो चुकी थी
डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही शरीर में जहर फैल जाने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी. समय पर इलाज न मिल पाने के कारण यह हादसा हुआ. कमलेश की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों ने मांग की है कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा और सर्पदंश के इलाज की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.


