Hazaribagh: झारखंड सरकार ने राशन कार्डधारकों की जातीय जानकारी को डिजिटल रूप से अपडेट करने का अभियान शुरू किया है. इस निर्णय का असर हजारीबाग जिले के करीब 4.80 लाख राशन कार्डधारकों और लगभग 17.80 लाख लाभुकों पर पड़ेगा. जिले की सभी जन वितरण प्रणाली दुकानों के माध्यम से लाभुकों की जाति संबंधी जानकारी ई-पॉस मशीन और मोबाइल ऐप के जरिए दर्ज की जाएगी.
जिले में इतना बड़ा है राशन नेटवर्क
हजारीबाग जिले में वर्तमान में लगभग 1,050 से अधिक जन वितरण प्रणाली दुकानें संचालित हैं. इन दुकानों के माध्यम से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत हर महीने लाखों लाभुकों को अनाज उपलब्ध कराया जाता है. अब इन्हीं दुकानों पर जाति संबंधी विवरण भी अपडेट किया जाएगा.

अनाज नहीं होगा बंद
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जाति की जानकारी या प्रमाण पत्र तत्काल उपलब्ध नहीं होने पर किसी भी लाभुक का राशन बंद नहीं किया जाएगा. पहले लाभुकों की प्रविष्टि की जाएगी और बाद में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने पर रिकॉर्ड अपडेट किया जा सकेगा. अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान से विभिन्न सामाजिक वर्गों का सटीक डिजिटल डाटा तैयार होगा, जिससे कल्याणकारी योजनाओं की बेहतर योजना बनाने, बजट आवंटन और लाभुकों की सही पहचान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी.
लाभुकों से अपील
जिला आपूर्ति विभाग ने लाभुकों से अपील की है कि वे पीडीएस दुकान पर जाकर अपनी जानकारी समय पर उपलब्ध कराएं तथा यदि जाति प्रमाण पत्र बना हुआ है तो उसकी जानकारी भी दर्ज कराएं, ताकि सरकारी रिकॉर्ड अद्यतन हो सके.
ALSO READ : हजारीबाग: भाजपा नगर पूर्वी मंडल में संगठन का विस्तार, सीमांत विक्रम बने नए महामंत्री


