Hazaribagh: जिले के चौपारण प्रखंड की जोरदाहा पंचायत स्थित जमुआडीह गांव की रहने वाली एक बिरहोर आदिवासी महिला की शुक्रवार देर रात हजारीबाग सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों के अनुसार महिला ने कथित तौर पर किसी विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिसके बाद गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
परिवार में लगातार दूसरी बार ऐसी घटना घटी
मृतका विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) बिरहोर समुदाय से संबंध रखती थी. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है. परिजनों का कहना है कि कुछ समय पहले इसी परिवार की एक बेटी की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी. एक ही परिवार में लगातार दूसरी ऐसी घटना होने से क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं और आशंकाएं सामने आ रही हैं.घटना की जानकारी मिलने पर सांसद मीडिया प्रभारी रंजन चौधरी सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और संवेदनशील मामला है. उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके.

‘पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा’
रंजन चौधरी की पहल के बाद सदर अस्पताल प्रशासन के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा.प्रशासन के अनुसार शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद उसे सम्मानपूर्वक पैतृक गांव जमुआडीह भेजा जाएगा. साथ ही परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन कर उन्हें विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.


