Ranchi: विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्य में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ (BLO) और बीएलओ सुपरवाइजरों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी. रांची जिला प्रशासन ने ऐसे कर्मियों की पहचान कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है. दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मियों पर निलंबन, विभागीय कार्रवाई और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है.
उपायुक्त की दो टूक चेतावनी, लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता वाला कार्य है. इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

समीक्षा बैठक में दिए गए अहम निर्देश
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी (AERO), जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया. बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड द्वारा जारी निर्देशों के समयबद्ध अनुपालन पर जोर दिया गया. उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को SIR कार्य में तेजी लाने और हर स्तर पर नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया.
फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के निर्देश
उपायुक्त ने विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों के बीएलओ को Enumeration Form (गणना प्रपत्र) के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस कार्य में कम्प्यूटर ऑपरेटर और बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ की हर संभव सहायता करें ताकि निर्धारित समय के भीतर लक्ष्य पूरा किया जा सके.
14 जुलाई को होगी चुनावी पाठशाला
सभी ERO और AERO को निर्देश दिया गया है कि 14 जुलाई 2026 को प्रत्येक बूथ स्तर पर BLO एवं BLO-2 की बैठक सह चुनावी पाठशाला का आयोजन सुनिश्चित करें. इस दौरान SIR से जुड़े सभी कार्यों की समीक्षा और आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा.
Read Also: सरकार और पार्टी से नाराज वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने लौटाई सरकारी गाड़ी
रांची जिले में अब तक कितनी हुई प्रगति
जिले में अब तक 15,69,153 Enumeration Form (58.67%) का वितरण किया जा चुका है, जबकि 3,49,404 फॉर्म (13.06%) का डिजिटाइजेशन पूरा हुआ है.
विधानसभा क्षेत्रवार फॉर्म वितरण की स्थिति:
- तमाड़ – 79.74%
- सिल्ली – 79.34%
- मांडर – 68.72%
- खिजरी – 67.93%
- कांके – 62.75%
- हटिया – 39.26%
- रांची – 37.77%
डिजिटाइजेशन में भी तमाड़ सबसे आगे
फॉर्म डिजिटाइजेशन की स्थिति इस प्रकार है
- सिल्ली – 19.99%
- मांडर – 18.72%
- तमाड़ – 18.08%
- खिजरी – 17.29%
- कांके – 10.28%
- हटिया – 9.54%
- रांची – 4.96%
मतदाताओं से जल्द फॉर्म जमा करने की अपील
जिला प्रशासन ने उन सभी मतदाताओं से अपील की है, जिन्हें Enumeration Form मिल चुका है, वे उसे सही तरीके से भरकर जल्द से जल्द अपने बीएलओ के पास जमा करें. विशेष रूप से रांची और हटिया विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से कहा गया है कि वे SIR प्रक्रिया को गंभीरता से लें और अपने आसपास के लोगों व रिश्तेदारों को भी इसके प्रति जागरूक करें.
लापरवाही करने वालों पर तय होगी जिम्मेदारी
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी ERO को निर्देश दिया कि SIR कार्य से जुड़े जिन अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है, उनकी जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ तत्काल विभागीय और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी.


