Ranchi: झारखंड के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है. झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (JCERT) ने झारखंड राज्य ओलंपियाड-2026 आयोजित करने की घोषणा की है. इस संबंध में सभी जिलों के शिक्षा विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
कक्षा 7 से 9 तक के छात्र ले सकेंगे भाग
ओलंपियाड में कक्षा 7, 8 और 9 के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे. परीक्षा का आयोजन अक्टूबर 2026 के चौथे सप्ताह में किया जाएगा. परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की जाएगी. इच्छुक विद्यार्थी अपने स्कूल के प्रधानाध्यापक के माध्यम से 8 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे.

100 अंकों की होगी परीक्षा
ओलंपियाड में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और सामान्य ज्ञान से जुड़े कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रत्येक विषय से 20 प्रश्न होंगे और हर प्रश्न एक अंक का होगा. परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित होगी. प्रश्न हल करने के लिए 180 मिनट का समय मिलेगा, जबकि प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए शुरुआत में 10 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे.
ओएमआर शीट पर होगी परीक्षा
परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जाएगी. उत्तर केवल नीले बॉल पेन से भरना होगा. ओएमआर शीट पर कटिंग या ओवरराइटिंग होने पर संबंधित उत्तर मान्य नहीं होगा. इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं रखी गई है. ओलंपियाड का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा. पहले चरण में जिला स्तरीय परीक्षा होगी. इसके बाद प्रत्येक कक्षा के बेहतर प्रदर्शन करने वाले कम से कम 30 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा.
ALSO READ: हजारीबाग में भी राशन कार्डधारकों की बढ़ेगी जिम्मेदारी, अब डिजिटल रूप से दर्ज होगी जाति की जानकारी


