Palamu : हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. नगर पंचायत प्रशासन ने हाल ही में जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग स्थित नहर मोड़ के समीप बाबा ढाबा के पास तथा आईटीआई के पीछे सड़क पर बने गड्ढों की अस्थायी भराई कराई थी, लेकिन बारिश, नाली का पानी और भारी वाहनों के दबाव के कारण यह व्यवस्था अधिक दिनों तक नहीं टिक सकी. आईटीआई के पीछे अधिक मिट्टी डालने से बारिश और नालियों के पानी के कारण सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है, जबकि नहर मोड़ पर भराई की मिट्टी हटने से फिर बड़ा गड्ढा बन गया है. पिछले दो दिनों में दो ट्रक यहां फंस चुके हैं, जिसे बाहर निकाला गया.
विभाग को पत्र भेजकर मरम्मत की मांग की गई
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने कहा कि जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग स्थित नहर मोड़ पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से प्रतिदिन गुजरने वाले भारी वाहनों और आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है. बिहार के औरंगाबाद जिले में पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन बढ़ गया है, जिससे सड़क और खराब हो गई है. उन्होंने बताया कि रामबीघा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर जाने वाली सड़क भी जर्जर है, जबकि जपला रेलवे ओवरब्रिज के नीचे हरिहर चौक स्थित दंगवार मुख्य सड़क पर भी आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. इस समस्या को लेकर व्यवसायियों और ग्रामीणों ने सड़क जाम भी किया था. उन्होंने बताया कि नगर पंचायत की ओर से 9 जुलाई को आरसीडी विभाग को पत्र भेजकर सड़क की अविलंब मरम्मत की मांग की गई है. साथ ही उपायुक्त, उप विकास आयुक्त एवं आरसीडी के कार्यपालक अभियंता को भी पत्र भेजकर जनहित में शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया गया है.

READ ALSO : पलामू : 5G तो दूर, 4G भी नहीं! पेड़ों पर चढ़कर नेटवर्क ढूंढ रहे ग्रामीण, BSNL टावर बना शोपीस


