Giridih: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत लंबे समय से रिक्त 101 पदों पर जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इन सभी पदों के लिए रोस्टर क्लियरेंस की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब भर्ती की प्रशासनिक कार्रवाई तेज कर दी गई है. यह जानकारी शुक्रवार को उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में दी गई. बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों, स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध मानव संसाधन, रिक्त पदों की स्थिति तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई.

नियुक्ति प्रक्रिया पूरी निष्पक्ष और नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी
बैठक के दौरान सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह ने बताया कि एनएचएम के तहत सदर अस्पताल एवं विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में कुल 101 पद खाली हैं. इन पदों के लिए आवश्यक रोस्टर क्लियरेंस मिल चुका है, जिससे अब नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है. उपायुक्त रामनिवास यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रशासनिक एवं विभागीय औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और सरकार के निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी, ताकि योग्य अभ्यर्थियों की शीघ्र नियुक्ति हो सके.

स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ीकरण करने के निर्देश दिए
बैठक में बताया गया कि जिन पदों पर नियुक्तियां होनी हैं उनमें एएनएम, स्टाफ नर्स, ब्लॉक डाटा मैनेजर, फार्मासिस्ट, न्यूट्रिशनल काउंसलर, एसटीएस, डीएमसी-एलटी सहित कई तकनीकी एवं प्रशासनिक पद शामिल हैं. इन पदों पर नियुक्ति होने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण कार्यक्रम सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन में तेजी आएगी और आम लोगों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी.
उपायुक्त ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें.
कई लोग रहे मौजूद
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य जिले के प्रत्येक नागरिक तक समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जिसके लिए आवश्यक सभी कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जा रहे हैं. बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ, सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, आईएएस प्रशिक्षु अधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, जिला आरसीएच पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
ALSO READ : बोकारो: अवैध कोयला खनन पर पुलिस सख्त, अवैध सुरंगों को JCB से किया ध्वस्त


