Koderma: विधानसभा की आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को कोडरमा परिसदन सभागार में आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति रामेश्वर उरांव ने की. इस दौरान जिले के विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण, वित्तीय प्रगति और सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई.
सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करें
बैठक में पथ निर्माण विभाग, वन विभाग, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, विद्युत विभाग, खनन विभाग, कृषि विभाग, राजस्व एवं निबंधन विभाग, उत्पाद विभाग, लघु सिंचाई विभाग, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, पशुपालन विभाग, गव्य विकास विभाग, कल्याण विभाग, आपूर्ति विभाग सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. सभी विभागों से राजस्व संग्रहण की वर्तमान स्थिति और निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले प्रगति की जानकारी ली गई.बैठक को संबोधित करते हुए सभापति रामेश्वर उरांव ने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल राजस्व संग्रहण की समीक्षा करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करें और राज्य की आय बढ़ाने में अपनी प्रभावी भूमिका निभाएं. उन्होंने अधिकारियों को राजस्व संग्रहण में तेजी लाने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए बेहतर रणनीति अपनाने का निर्देश दिया.

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर
समीक्षा के दौरान पथ निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, लघु सिंचाई विभाग और भवन प्रमंडल के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई. सभापति ने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया.
स्वास्थ्य, आवास और कृषि योजनाओं की भी समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मलेरिया एवं टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, टीकाकरण अभियान और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई. अधिकारियों को इन योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, पंचायत सचिवालयों की स्थिति, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा पाइपलाइन बिछाने के कार्य तथा कृषि विभाग की ओर से बीज वितरण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई.
परिवहन विभाग ने लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण का दावा किया
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बैठक में जानकारी दी कि चालू वित्तीय वर्ष में विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण कर रहा है. वहीं समाज कल्याण, शिक्षा, विद्युत सहित अन्य विभागों द्वारा सरकारी आवंटन राशि के उपयोग और योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई.
समिति ने दिए अहम निर्देश
बैठक के अंत में समिति ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित किया जाए, सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाए तथा सभी विकास योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए.बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, भू-अर्जन पदाधिकारी यस्मिता सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे.
ALSO READ: बोकारो: अवैध कोयला खनन पर पुलिस सख्त, अवैध सुरंगों को JCB से किया ध्वस्त


