Gumla: मिशन परिवार विकास अभियान-2026 के तहत परिवार नियोजन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को स्वास्थ्य विभाग गुमला द्वारा एक जागरूकता रथ और रैली को सिविल सर्जन डॉ. शम्भू नाथ चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आम लोगों को परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व एवं जन्म अंतराल के महत्व के प्रति जागरूक करेगा.
परिवार नियोजन की बताई अहमियत
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. शम्भू नाथ चौधरी ने कहा कि स्वस्थ एवं समृद्ध परिवार के निर्माण में परिवार नियोजन की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने कहा कि मिशन परिवार विकास अभियान के माध्यम से योग्य दंपत्तियों तक परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा उपलब्ध सरकारी सेवाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें.

गांव-गांव चलाया जाएगा अभियान
उन्होंने बताया कि झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन सोसाइटी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान के दौरान सहिया, सहिया साथी, एएनएम, सीएचओ, प्रखंड प्रशिक्षण दल (BTT) एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी गांव-गांव जाकर समुदाय को जागरूक करेंगे. विभिन्न ग्राम पंचायतों में रैली, समूह बैठक, जनसंवाद, सूचना-शिक्षा-संचार (IEC) गतिविधियों एवं अन्य जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से परिवार नियोजन का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा.
Also Read: गुमला: 3 महीने से बंद पड़ा स्कूल, पढ़ाई ठप: ग्रामीणों ने शिक्षकों की नियुक्ति की उठाई मांग
अभियान को सफल बनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मियों ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया तथा जिलेवासियों से अपील की कि वे परिवार नियोजन संबंधी सही जानकारी प्राप्त करें और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाकर स्वस्थ, खुशहाल एवं सशक्त परिवार के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें.
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम समन्वयक अभिनित आनंद, जिला आशा फैसिलिटेटर रामाकान्त, जिला कार्यक्रम सहायक वीणा माधुरी कुजूर, स्टोर कीपर विजेन्द्र बागे, प्रखंड आशा फैसिलिटेटर नुरे आपसा, बालमुकुंद भगत, नर्सिंग स्कूल की शिक्षार्थी सहित अनेक स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.


