Saraikela: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत 57-खरसावां विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने कुचाई प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक की. बैठक में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), BLO सुपरवाइजर, कंट्रोल रूम के पदाधिकारी-कर्मी और अन्य निर्वाचन कर्मी मौजूद रहे.
बैठक में गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई. अपर उपायुक्त ने सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचे और समय पर उसका संग्रहण व डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए.

धीमी प्रगति वाले केंद्रों पर तेजी लाने का निर्देश
समीक्षा के दौरान जिन मतदान केंद्रों पर डिजिटाइजेशन की प्रगति धीमी पाई गई, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए. साथ ही BLO सुपरवाइजरों को नियमित अनुश्रवण, BLO के साथ समन्वय और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया.
अपर उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है. सभी पदाधिकारी और कर्मी पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता, निष्पक्षता और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा अभियान के दौरान अनुशासन बनाए रखें.
नागरिकों से सहयोग की अपील
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि SIR-2026 अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं. BLO को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं तथा गणना प्रपत्र समय पर जमा करें, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सके.
ALSO READ: पाकुड़ : DC ने कहा – SIR प्रपत्र भरने के लिये नहीं देना है कोई शुल्क, अफवाहों पर ध्यान न दें


