Pakru : निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR कार्यक्रम के अंतर्गत जिला में गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण कार्य बूथ स्तरीय पदाधिकारियों BLO के माध्यम से किया जा रहा है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने स्पष्ट किया है कि SIR प्रपत्र भरने या जमा करने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं देना है. अगर कोई व्यक्ति गणना प्रपत्र भरने या जमा कराने के नाम पर किसी प्रकार की राशि की मांग करता है, तो उस पर विश्वास न करें और इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें. ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर SIR प्रपत्र भरने के नाम पर अवैध रूप से पैसे वसूले जाने संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित होने की जानकारी प्राप्त हुई है. आम नागरिकों से अपील है कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकृत बूथ स्तरीय पदाधिकारी BLO के माध्यम से ही प्रपत्र भरें एवं जमा करें.
समस्या होने पर BLO या हेल्पलाइन नंबर पर करें संपर्क
जिला में मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक गणना प्रपत्र पर संबंधित बीएलओ BLO का नाम एवं मोबाइल नंबर अंकित किया गया है. अगर किसी मतदाता को प्रपत्र भरने या अन्य किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो, तो वे संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते है. इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की शिकायत या जानकारी के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 1950 या 06435- 222064 पर संपर्क किया जा सकता है.

भ्रामक सूचना की जानकारी दें
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग करें. किसी भी भ्रामक सूचना या अवैध वसूली की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं.
ALSO READ : झारखंड में मानसून सक्रिय, अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश के आसार, अलर्ट जारी


