Simdega: जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया. मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से प्रतिबंधित गोवंशीय पशुओं से लदी एक गाड़ी को कोलेबिरा मार्ग से पार कराया जाना है. सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर कोलेबिरा पुलिस ने रांची-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर टेलीफोन एक्सचेंज के समीप बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू की. देर रात एक कार तेज गति से आती दिखाई दी. पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक बैरिकेडिंग तोड़ते हुए और पुलिसकर्मियों को धक्का देकर गुमला की ओर भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया. कार में सादिक खान और साकिब भंडारी सवार थे. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पशुओं से लदी गाड़ी को सुरक्षित पार कराने के लिए रेकी कर रहे थे. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.



